कन्नौज लोकसभा सीट से अखिलेश यादव लड़ेंगे चुनाव, सपा जिलाध्यक्ष ने किया दावा

By UltaChashmaUC | April 18, 2024

यूपी की राजनीति से एक बहुत बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है। ये खबर जुड़ी हुई है समाजवादी पार्टी से। पहले चरण की वोटिंग से ठीक पहले अखिलेश यादव को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। अब तक ये कहा जा रहा था कि अखिलेश यादव को पूरे प्रदेश में दौरा करना है, प्रचार करना है इसलिए वो इस बार लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन ऐसा नहीं है। अब खबर आ रही है कि अखिलेश यादव चुनाव लड़ेंगे और वो भी कन्नौज लोकसभा सीट से। ऐसे में अब सवाल ये उठता है कि आखिर इस बात का खुलासा अभी तक क्यों नहीं किया गया?

सपा जिलाध्यक्ष ने किया ऐलान
बीते एक-डेढ़ साल में अखिलेश यादव कई बार कन्नौज पहुंच चुके हैं।  कहा जा रहा था कि अखिलेश ही कन्नौज से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, लेकिन इस पर अब तक सस्पेंस बरकरार था। कन्नौज में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष कलीम खान का दावा है कि अखिलेश यादव का कन्नौज से चुनाव लड़ना फाइनल है। आपको बता दें कि कन्नौज से ही अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की है। ऐसे में अब पूरी तरह से ये कंफर्म माना जा रहा है कि इस सीट से अखिलेश यादव का लड़ना तय है।

अखिलेश ने कन्नौज को अपना घर बताया
आज अखिलेश यादव कन्नौज के दौरे पर थे। जहां उन्होंने एक गुप्त मीटिंग की है। साथ ही उन्होंने सपा पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं, सेक्टर/बूथ प्रभारियों से मुलाकात भी की। जिसके बाद कहा जा रहा है कि किसी भी वक्त इस बात का अधिकारिक ऐलान किया जा सकता है। वहीं, इससे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कोई खुलकर कन्नौज से चुनाव लड़ने की बात नहीं की लेकिन कई बार इशारों इशारों में वो यहां से चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैं। अखिलेश यादव ने कन्नौज को अपना घर बताया था और कहा था कि इस क्षेत्र से उनके परिवार का दो दशकों से भी ज्यादा का रिश्ता रहा है और वो कन्नौज को नहीं छोड़ सकते हैं।

सपा का गढ़ रहा है कन्नौज
आपको बता दें, कन्नौज लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी का गढ़ मानी जाती है। इस सीट से समाजवादी पार्टी 1998 से 2014 तक सभी चुनाव में जीत हासिल करती आई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और डिंपल यादव भी यहां सांसद रहे हैं। हालांकि, 2019 के चुनाव में बीजेपी के सुब्रत पाठक में डिंपल यादव को करीब 13 हजार वोटों के अंतर से हरा दिया था। कन्नौज में बीजेपी ने सांसद सुब्रत पाठक को एक बार फिर मैदान में उतारा है। वहीं बसपा की ओर अकील अहमद को टिकट दिया गया है।

PUBLISHED BY- ARUN CHAURASIYA

  • Share