पुरी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार ने चुनाव लड़ने से किया इनकार, पार्टी फंडिंग के कारण लिया फैसला

By UltaChashmaUC | May 4, 2024

सूरत, इंदौर के बाद अब संबित पात्रा कि पुरी लोकसभा सीट पर भी खेल हो गया है। बीजेपी के लिए बिना लड़े जीत कि रास्ता साफ हो गया है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 2 चरणों के लिए मतदान खत्म हो चुका है। तीसरे चरण में 12 राज्यों की 94 सीटों पर मतदान होना है। इस बीच सूरत, इंदौर के बाद अब ओडिशा की पुरी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार ने भी बैक आउट कर दिया है। जिसके बाद पुरी से भाजपा उम्मीदवार संबित पात्रा का रास्ता साफ हो गया है।

पब्लिक फंडिंग का सहारा लिया
कांग्रेस उम्मीदवार सुचरिता मोहंती ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। मोहंती ने ये आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ी कि पार्टी उन्हें आर्थिक तौर पर चुनाव लड़ने में कोई मदद नहीं कर रही है। टिकट लौटाने के बाद उन्होंने कहा, "मैंने चुनाव लड़ने के लिए पब्लिक फंडिंग का सहारा लिया। अपने कैम्पेन में कम से कम खर्च करने का प्रयास किया, इसके बावजूद मैं आर्थिक रूप से संघर्ष करती रही और एक प्रभावशाली चुनाव प्रचार अभियान को कायम नहीं रख सकी।"

बीजेपी पर लगाया आरोप
वहीं कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल को लिखी चिट्ठी में सुचरिता मोहंती ने कहा कि मैं अपने दम पर धन नहीं जुटा सकी, इसलिए मैंने आपका और हमारी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का दरवाजा खटखटाया और पुरी सांसद सीट पर एक प्रभावशाली अभियान के लिए आवश्यक पार्टी निधि देने का आग्रह किया। यह स्पष्ट है कि केवल धन की कमी ही हमें पुरी में विजयी अभियान से रोक रही है। मुझे खेद है कि पार्टी फंडिंग के बिना, पुरी में अभियान चलाना संभव नहीं होगा। इसलिए, मैं पुरी संसदीय क्षेत्र के लिए कांग्रेस का टिकट वापस कर रही हूं। मोहंती ने आगे कहा कि मैं चाहती थी कि विधानसभा सीटों पर मजबूत प्रत्याशी हों तो लोकसभा के लिए प्रचार में भी आसानी हो। उन्होंने बताया कि टिकट बहुत ही लोकतांत्रिक तरीके से मिला था। आम तौर पर पार्टी प्रत्याशियों को फंड देती है। भाजपा ने इतने प्रतिबंध लगा दिए हैं कि पार्टी के लिए भी मुश्किल हो रहा है। पार्टी के सामने भी बड़ी चुनौती है। भाजपा नहीं चाहती की कांग्रेस ठीक से प्रचार कर पाए। ऐसे में पार्टी भी मजबूर है और वह अपने प्रत्याशियों की मदद नहीं कर पा रही है।

सूरत, इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशी ने नाम वापस लिया
पुरी के अलावा गुजरात की सूरत लोकसभा सीट से भी ऐसा ही एक मामला देखने को मिला है। वहां से कांग्रेस प्रत्याशी का पर्चा निरस्त हो गया था। जिसके बाद बसपा सहित बाकी सभी प्रत्याशियों ने अपना पर्चा वापस ले लिया था। इसके बाद 22 अप्रैल को बीजेपी प्रत्याशी मुकेश दलाल को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया। इसके अलावा मध्य प्रदेश के इंदौर से कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने भी नामांकन भरने के आखिरी दिन अपना पर्चा वापस ले लिया। इसके बाद वो भाजपा में शामिल हो गए। जिसकी जानकारी मध्य प्रदेश भाजपा ने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर ट्वीट कर दी। बीजेपी ने कहा कि इंदौर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय बम ने अपना नामांकन वापस ले लिया है।

PUBLISHED BY- ARUN CHAURASIYA

  • Share